spot_img

Medininagar : पलामू में एनआईए ने नक्सली के चालक की तलाश में की छापामारी

मेदिनीनगर: (Medininagar) नक्सलियों के मामले को लेकर नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) लगातार कार्रवाई कर रही है। घटना के साथ-साथ फंडिंग और संलिप्त अन्य लोगाें पर शिकंजा कसने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के लोहरसी में जुबैर अंसारी के घर पर एनआईए की टीम ने शनिवार को छापामारी की। इस दौरान एनआईए जुबैर के घर से पासबुक सहित अन्य दस्तावेज जब्त कर ले गयी है। एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने एनआईए की छापामारी की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया किस मामले में एनआईए की टीम यहां छापामारी करने के लिए आई थी।

एनआईए की टीम सुबह करीब नौ बजे लोहरसी पहुंची और जुबैर अंसारी के घर पर छापामारी शुरू कर दी। एनआईए को जानकारी मिली थी कि जुबैर अंसारी बड़े नक्सली का ड्राइवर है और उसके बैंक खाते में नक्सलियों का पैसा आया हुआ है। एनआईए की स्पेशल टीम ने इसी कारण जुबैर अंसारी के पासबुक सहित अन्य बैंक दस्तावेज जब्त कर अपने साथ ले गई।

जानकारी के अनुसार जुबैर अंसारी पर आरोप है कि बड़े नक्सली का ड्राइवर होने के कारण उसने कई बड़े नक्सलियों को मदद पहुंचाई थी और एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया भी था। लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के लुकइया हमले में टॉप माओवादी रविन्द्र गंझू के दस्ते का हाथ था और जुबैर इसी दस्ते का चालक बताया गया है। फिलहाल जुबैर अंसारी फरार है।

Explore our articles