spot_img

Chandigarh: अमित शाह हरियाणा में 18 जून को सिरसा से करेंगे लोकसभा चुनाव का शंखनाद

चंडीगढ़:(Chandigarh) हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में 18 जून को लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेगी। इसकी शुरुआत इनेलो व जजपा के गृह जिला सिरसा से की जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भाजपा की सिरसा रैली को संबोधित करेंगे।

भाजपा इस रैली के माध्यम से इनेलो व जजपा के अलावा चौटाला परिवार को निजी तौर पर भी संदेश देने का प्रयास करेगी। केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा ने अगले चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इस कड़ी में हरियाणा में पहली चुनावी रैली 18 जून को सिरसा में होने जा रही है। सिरसा से इस समय भाजपा की सुनीता दुग्गल सांसद हैं, लेकिन इस लोकसभा क्षेत्र के नौ विधानसभा क्षेत्रों में से केवल दो में ही भाजपा के विधायक हैं।

विधानसभा क्षेत्र नरवाना से जननायक जनता पार्टी के रामनिवास, टोहाना से जजपा के देवेंद्र बबली, फतेहाबाद से भाजपा के दूड़ा राम, रतिया से भाजपा के लक्षमन नापा, कालांवाली से कांग्रेस के शीशपाल, डबवाली से कांग्रेस के अमित सिहाग, रानिया से निर्दलीय रणजीत सिंह चौटाला, सिरसा से हरियाणा लोकहित पार्टी के गोपाल कांडा तथा ऐलनाबाद से इंडियन नेशनल लोकदल के अभय सिंह चौटाला विधायक हैं।

सिरसा रैली में सिरसा से हलोपा विधायक गोपाल कांडा तथा निर्दलीय कोटे से मनोहर सरकार में मंत्री रणजीत सिंह चौटाला, शाह के मंच पर दिखाई देंगे। भाजपा इस बात के लिए प्रयासरत है कि हालही में पार्टी को समर्थन देने का ऐलान करने वाले अन्य निर्दलीय विधायक भी इस रैली में पहुंचे। इससे गठबंधन सहयोगी जजपा को बड़ा संदेश दिया जाएगा।

Explore our articles