चितौड़गढ़ : भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर ने बुधवार को चित्तौड़गढ़ में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के बयान को लेकर प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेता कहा कि मंगलवार को तापमान ज्यादा होने के कारण डोटासरा का मानसिक संतुलन बिगड़ गया होगा। मैं खुद ओबीसी वर्ग से हूं और वहां मौजूद कई लोग ओबीसी वर्ग से थे। कल जन आक्रोश रैली में हम सभी ने उद्बोधन दिया, लेकिन लगता है तापमान ज्यादा था इसीलिए डोटासरा का मानसिक संतुलन खो गया है या फिर डोटासरा नाथी के बाड़े से आई चैकअप कराके आए है। इस वजह से उन्हें मंच पर एक भी ओबीसी का वक्ता दिखाई नहीं दिया।
विधायक खेल महाकुंभ के समापन समारोह में आई भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर ने चित्तौड़गढ़ के सर्किट हाउस में मीडिया से बात की। इसमें उन्होंने कहा कि राजस्थान से ज्यादा दिल्ली में महिलाएं सुरक्षित है। राजस्थान में हर जिले में महिला विरोधी काम हो रहे हैं नेशनल क्राइम ब्यूरो के रिकॉर्ड उठा कर देख लो उसमें रेप के केस सबसे ज्यादा राजस्थान में ही है। यह सुन कर ही पीड़ा होती है। भाजपा नेता ने कहा कि हमारी पार्टी संगठनात्मक पार्टी है। चुनाव हो या ना हो, हमने हमेशा जनता की भलाई का ही सोचा है और लगातार कार्य होता है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साढ़े चार साल तक तो कुछ भी नहीं किया। लेकिन आखिरी वक्त में जनता के हितैषी बनकर आए। अब यह कह रहे हैं कि तुम मांगते मांगते थक जाओगे लेकिन मैं देते देते नहीं थकूंगा। अगर देना ही था तो साढ़े चार साल पहले क्यों नहीं दिया और देंगे भी कहां से? जब उनके पास बजट ही नहीं है। जनता को झूठे दिलासे क्यों दे रहे हैं। महिलाओं को पहले मोबाइल देने का वादा कर दिया। एक साल तक उन्हें कुछ भी नहीं मिला। अब जब चुनावी साल आया है तो उन्हें दोबारा मोबाइल की याद आ रही है। दूसरी तरफ जब खंडेला की एक महिला अपनी पीड़ा बताने के लिए मुख्यमंत्री के पास पहुंचती है तो उसका मुंह दबा दिया जाता है। उनकी ना नीति सही है और ना ही नियत सही है। सिर्फ चुनाव को देखकर घोषणाओं पर घोषणा कर रहे हैं। इधर, सर्किट हाउस में चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, भाजपा जिला महामंत्री कमलेश पुरोहित सहित भाजपा के अन्य नेताओं ने राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर का स्वागत किया।


