मुरैना : अंबाह थाना अंतर्गत हिंगावली नहर के बम्बा के पास से पुलिस ने 3 जून को एक अधेड़ व्यक्ति की जली हुई लाश बरामद की थी, जिसका पटाक्षेप मंगलवार को करते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक की हत्या अवैध संबंधों के चलते उसके ही दो भांजों द्वारा की गई थी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है।
अंबाह थाना प्रभारी विनय यादव ने बनवारी की हत्या के मामले में उसके भांजे पप्पू सखवार को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मृतक बनवारी पुत्र तोताराम 50 वर्ष के अपने भांजे हाकिम सिंह की पत्नी से अवैध संबंध थे, जिसका पता पप्पू सखवार एवं हाकिम को चल गया और उसे कई बार समझाया भी, लेकिन जब वह नहीं माना तो दोनों भाइयों ने मिलकर 2 जून की रात्रि ईंट मारकर बनवारी की हत्या कर दी तथा लाश को नहर के पास स्थित बंबा के यहां ले जाकर जला दिया। पुलिस को जब यह लाश बरामद हुई तो मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई और जांच पर से हत्या का मामला दर्ज किया गया। हत्या के इस मामले में पुलिस ने पप्पू सखवार को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका भाई अभी तक फरार है।


