
चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों के आरोपों को खारिज किया
कोलकाता : (Kolkata) दक्षिण कोलकाता के खुदीराम अनुशीलन केंद्र में कथित संदिग्ध गतिविधियों के विरोध में गुरुवार शाम तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों (Trinamool Congress candidates) ने प्रदर्शन किया। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। चुनाव आयोग ने रात में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
तृणमूल उम्मीदवार कुणाल घोष और शशि पांजा (Trinamool candidates Kunal Ghosh and Shashi Panja) केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। बाद में विजय उपाध्याय भी विरोध में शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्ट्रॉन्ग रूम के भीतर संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। लाइव स्ट्रीमिंग में अंदर कुछ होता दिख रहा है। बैलेट पेपर इधर-उधर किए जा रहे हैं, जबकि अधिकारी कह रहे हैं कि अंदर कुछ नहीं हो रहा।
स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब भाजपा उम्मीदवार तापस राय और संतोष पाठक (BJP candidates Tapas Roy and Santosh Pathak) भी पहुंच गए। उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारियों से बात की और वहां से लौट गए। रात में मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्पष्ट किया कि स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सील और सुरक्षित है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अग्रवाल ने बताया कि वहां कई केंद्रों की ईवीएम रखी गई हैं और गुरुवार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी पोस्टल बैलेट को अलग कर रहे थे। इसकी पूर्व सूचना उम्मीदवारों को दी गई थी। मनोज अग्रवाल ने कहा कि पोस्टल बैलेट अलग करने की प्रक्रिया के वीडियो को देखकर ही छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए हैं, जो पूरी तरह झूठे और निराधार हैं। स्ट्रॉन्ग रूम 100 प्रतिशत सुरक्षित है। उन्होंने रोप लगाया कि बेवजह माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी (Trinamool Chief Mamata Banerjee) भी शाम ढलने के बाद सखावत मेमोरियल स्कूल के स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचीं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीईओ ने कहा कि किसी भी उम्मीदवार को वहां जाने का अधिकार है और इसमें आयोग को कोई आपत्ति नहीं है।


