spot_img

Begusarai : छह माह पहले प्रेम विवाह करने वाले प्रेमी की गड्ढे में मिली लाश

बेगूसराय : बेगूसराय में प्रेम प्रसंग में विवाह करने वाले प्रेमी की हत्या कर शव फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के सुरो गांव की है। मृतक की पहचान सुरो निवासी फूलचंद सहनी के पुत्र राहुल कुमार सहनी के रूप में की गई है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि करीब छह माह पहले राहुल प्रेम प्रसंग अपने पड़ोस की ही एक लड़की को भगाकर ले गया तथा शादी कर ली थी। शादी कर कुछ दिन बाहर रहने के बाद दोनों गांव आ गए तथा राहुल पत्नी के साथ ससुराल में ही रहने लगा। ससुराल में ही रहकर वह ट्रक चलाकर भरण पोषण कर रहा था।

ग्रामीणों का कहना है कि रविवार को राहुल को गांव में देखा गया था। उसके बाद लोगों को लगा कि ट्रक ड्राइवर रहने के कारण कहीं बाहर गया होगा। इसी बीच मंगलवार को कुछ बच्चे जब बगीचा की ओर जा रहे थे तो गड्ढे में एक शव देखकर ग्रामीणों को सूचना दिया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, इसके बाद शव की पहचान हो सकी।

शव पाए जाने की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक के गले पर गहरे जख्म का निशान हैं तथा चेहरा भी जलाया गया है। आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से गला काटकर हत्या करने के बाद पहचान मिटाने के लिए तेजाब डालकर चेहरे को जलाया गया है।

एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि शव पाए जाने की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थानाध्यक्ष की टीम पहुंची तथा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ खुलासा होगा। मृतक के चेहरे को किसी लिक्विड से जलाया गया है। अब तक जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है। प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। दोषी को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Explore our articles