इस्लामाबाद: (Islamabad) चक्रवात बिपरजॉय पाकिस्तान के कराची तट पर दस्तक दे रहा है, जिसको देखते हुए पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने रविवार को लोगों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी जारी की है। चक्रवात बिरपजॉय पाकिस्तान और भारत के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है और कराची से करीब 760 किलोमीटर की दूरी पर है।
पाकिस्तान के आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय अधिकारियों के सलाह का पालन करने का आह्वान किया है। कराची के आयुक्त ने पिछले कुछ दिनों से कराची में समुद्र तटों पर लोगों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही कराची की क्षेत्रीय सीमा के भीतर मछली पकड़ने, नौकायन, तैराकी और समुद्र में नहाने के लिए मना किया है।
पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) ने कहा कि चक्रवात 14 जून को उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ेगा और केटी बंदर (दक्षिणपूर्व सिंध) और भारत के गुजरात तट को पार करेगा। पूर्वानुमान में कहा गया है कि रविवार और सोमवार दोपहर को पाकिस्तान के मध्य/दक्षिणी जिलों में धूल भरी आंधी चलने की उम्मीद है।


