कानपुर (कान्हापुर) : केन्द्र की मोदी एवं राज्य की योगी सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं को जनमानस तक पहुंचाने का लगातार प्रयास कर रही है। मछुआरा समाज को मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने कड़ा निर्देश जारी किया है। जिसके क्रम में आगामी सत्र 2023-24 के लिए सरकार ने संचालित योजनाओं का लाभ पाने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। अनुदान एवं सहयोग राशि पाने के लिए मछुआरा समाज से आवेदन करने के लिए उप्र मत्स्य निदेशालय के निदेशक प्रशांत शर्मा ने जनमानस से अपील की है।
सहायक निदेशक मत्स्य विभाग कानपुर नगर एन.के.अग्रवाल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि लाभार्थी को मत्स्य विभाग की वेबसाइट- http//fisheries.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन अवेदन कर सकते हैं। सरकार ने 30 मई से 15 जून तक के लिए इसे खोल दिया है। मछुआरा समाज के कल्याण के लिए केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मछुआ कल्याण कोष, निषाद राज बोट सब्सिडी योजना, मछुआ दुर्घटना बीमा योजना,किसान क्रेडिट कार्ड योजना के लिए आवेदन मांगा है।
प्रदेश में संचालित इन पांच योजनाओं से लगातार मछुआरा समाज को मजबूत करने का प्रयास जारी है। योगी सरकार ने आगामी सत्र 2023-24 के लिए एक वृहद रूप रेखा तैयार की है। मत्स्य निदेशालय से निर्देश जारी किया गया है कि उपरोक्त सभी योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रत्येक जनपद में प्रचार-प्रसार किया जाय। जिससे 20 मई से पूर्व लोगों तक जानकारी हो जाए। जिससे योजनाओं का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक लोग आवेदन करें।
जिला मत्स्य अधिकारी ने बताया कि 30 मई से 15 जून तक मछुआरा समाज के लोगों से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए अपील किया है।


