हरिद्वार : नगर कोतवाली पुलिस ने बच्चा चोरी प्रकरण में दंपति को गिरफ्तार बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। बच्चा नहीं होने के चलते दंपति ने मासूम को चोरी किया था।
एसएसपी अजय सिंह ने पत्रकारों को बताया कि घर से निकली पत्नी की खोज में डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ हरिद्वार आए रोहतास पुत्र गजे सिंह निवासी ग्राम चौरा थाना ननौता जिला सहारनपुर यूपी को हरिद्वार में एक दंपति ने अपने विश्वास में लेकर पूरी मदद का आश्वासन दिया। बातों बातों में महिला ने रोहतास के पुत्र विनायक को अपनी गोद में लिया और पैदल-पैदल हर की पैड़ी की ओर आते समय भीड़ का फायदा उठाकर बच्चे सहित गायब हो गई।
रोहतास ने बच्चे और दंपति को खोजने का प्रयास किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। बच्चा चोरी होने का अहसास होने पर रोहतास ने नगर कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। बच्चा चोरी के गंभीर प्रकरण को देखते हुए नगर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम का गठन कर बच्चे को सकुशल बरामद करने के निर्देश दिए। बच्चे की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाने और सैकड़ों वीडियो फुटेज खंगालकर बच्चा चोरी करने वाले दंपति सुनीता पत्नी बहादुर जोशी और बहादुर जोशी पुत्र स्वर्गीय सुभाष निवासी ग्राम खनोरा थाना हसनपुर मुरादाबाद हाल किराएदार जागृति विहार थाना मेडिकल जिला मेरठ यूपी को हिल बाइपास रोड क्षेत्र से गिरफ्तार बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनके बच्चा नहीं होने के कारण उन्होंने बच्चा चोरी किया था। पुलिस टीम ने एसआई अशोक कश्यप, कांस्टेबल निर्मल, महिला कांस्टेबल राजरानी और सीआईयू टीम के प्रभारी एसआई रणजीत सिंह, कांस्टेबल उमेश, हरवीर, नरेंद्र, त्रिभुवन व पदम शामिल रहे।


