spot_img

New Delhi : भारत और यूरोपीय संघ एफटीए पर बातचीत तेज करने पर सहमत

नई दिल्ली: (New Delhi) भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) से संबंधित सभी मुद्दों पर आम राय तलाश कर समझौते से संबंधित बातचीत की प्रक्रिया तेज करने पर सहमति जताई है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने जारी बयान में यह जानकारी दी है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और यूरोपीय संघ के कार्यकारी निकाय यूरोपीय आयोग के कार्यकारी उपाध्यक्ष वाल्दिस दाम्ब्रोवस्की के साथ ब्रसेल्स में हुई मुलाकात के दौरान एफटीए वार्ता को तेज करने पर सहमति जताई गई। दाम्ब्रोवस्की के साथ पीयूष गोयल की इस मुलाकात में दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। यह बैठक भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद की पहली मंत्री-स्तरीय बैठक से इतर हुई।

मंत्रालय के मुताबिक दोनों पक्षों ने सभी मुद्दों पर सहमति तलाश कर मौजूदा एफटीए वार्ता को तेज करने की जरूरत पर बल दिया। इस दौरान एक-दूसरे को अपने बाजार तक सार्थक एवं संतुलित पहुंच देने समेत तमाम संवेदनशील मुद्दों पर भी गौर किया गया, जिससे दोनों ही अर्थव्यवस्थाओं और उनके रोजगार को समर्थन मिल सके। दरअसल, भारत और यूरोपीय संघ आपसी व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए एफटीए के लिए प्रयासरत हैं। इस सिलसिले में दोनों पक्षों के बीच बातचीत की प्रक्रिया जारी है।

Explore our articles