spot_img

Mumbai : मुख्यमंत्री शिंदे ने महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से मांगा सहयोग

मुंबई: (Mumbai) मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। प्रशासन अपना काम कर रहा है, लेकिन आम नागरिकों को भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देना चाहिए।सीएम शिंदे ने मंगलवार को कहा कि नासिक जिले के त्र्यंबकेश्वर में कल भक्तों ने उरुस के दौरान त्र्यंबकेश्वर मंदिर में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की। इस मामले को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। अब इस तरह के मामलों की रोकथाम के लिए हर समुदाय के लोगों को आगे आना चाहिए और शांति बनाए रखनी चाहिए। राज्य में सभी जातियों के लोग रहते हैं। किसी की भावना को ठेस नहीं पहुंचेगी। तनाव भरा माहौल नहीं रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि त्र्यंबकेश्वर मंदिर के मुख्य द्वार पर लोगों के अवैध जमावड़े के मामले में नासिक पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस घटना की जांच के लिए एसआईटी के गठन का आदेश दिया है। एसआईटी पिछले साल हुई ऐसी ही एक घटना की भी जांच करेगी। त्र्यंबकेश्वर में पिछले साल भी श्रद्धालुओं ने उरुस के दौरान त्र्यंबकेश्वर मंदिर में जबरदस्ती घुसने की कोशिश की थी।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को नासिक के त्र्यंबकेश्वर मंदिर में अन्य धर्म के लोगों ने जबरन प्रवेश का प्रयास किया था। इसके बाद मंदिर के बाहर तनाव उत्पन्न हो गया था। ब्राह्मण महासंघ ने इस मामले की गहन जांच कर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर ब्राह्मण महासंघ ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

Explore our articles