spot_img

Chhindwara : मुख्यमंत्री शिवराज की लाड़ली बहना के मुकाबले कांग्रेस ने शुरू की ‘नारी सम्मान योजना’

कमलनाथ ने योजना को किया लॉन्च, बोले- झूठ और घोषणाओं की मशीन बन गए हैं मुख्यमंत्री शिवराज
छिंदवाड़ा: (Chhindwara)
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शुरू की ‘लाडली बहना योजना’ के मुकाबले कांग्रेस ने ‘नारी सम्मान योजना’ की शुरुआत की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को छिंदवाड़ा के परासिया में आयोजित समारोह में योजना को लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह की आंख नहीं चलती, कान नहीं चलता, मुंह बहुत चलता है। शिवराज जी झूठ और घोषणाओं की मशीन बन गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि जब यह नारी सम्मान योजना हमने भोपाल में तय की, तो प्रश्न उठा कि इसका उद्घाटन कहां होगा? सभी ने अपने जिले की बात की। मैंने और नकुल ने तय किया कि वहां शुरुआत करूंगा, जहां अपना जीवन समर्पित किया है- छिंदवाड़ा में। संसद में 40 साल रहा, आपने मुझे पहुंचाया। मैं वहां कहता था कि आप चिंता लेकर आए हैं, मैं जनता का प्यार लेकर आया हूं। उन्होंने कहा कि माताएं घर में व्यस्त रहती हैं, आपको देश को भी समझना पड़ेगा। विश्व में कोई ऐसा देश नहीं, जहां इतने धर्म, जातियां, भाषाएं, त्योहार, देवी-देवता हों। यह अपना भारत है। यही भारत हमें पहचानना है। भारत आज एक झंडे के नीचे खड़ा है। कांग्रेस की संस्कृति जोड़ने की है। हम दिल, रिश्ते, समाज और धर्म को जोड़ते हैं।

पर्वतारोही मेघा परमार कांग्रेस में शामिल

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की मौजूदगी में पर्वतारोही मेघा परमार ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। मेघा ने इस अवसर पर कहा कि आज मैं कांग्रेस परिवार में प्रवेश कर रही हूं, यह मेरे जीवन का सौभाग्यशाली दिन है। भाग्यशाली हूं कि नारी सम्मान योजना की लॉन्चिंग की साक्षी हूं। एक किसान की बेटी को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का ब्रांड एंबेसडर कमलनाथ ही बना सकते हैं। कमलनाथ घोषणाएं नहीं करते, वचन निभाते हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में कमलनाथ सरकार के दौरान मेघा परमार को महिला एवं बाल विकास विभाग मध्यप्रदेश ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया था।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई लाड़ली बहना योजना में महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये यानी साल में 12000 रुपये दिए जाएंगे, जबकि कांग्रेस द्वारा शुरू की गई नारी सम्मान योजना में महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये और घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने का वादा किया गया है। योजना के फॉर्म कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर भरवाएंगे।

कांग्रेस का कहना है कि मध्यप्रदेश में सरकार बनने के बाद इस योजना का लाभ महिलाओं को मिलने लगेगा। उन्हें न तो कहीं भटकने की जरूरत है और न कतार में लगने की। रजिस्ट्रेशन फॉर्म घर पर ही भरवाकर रसीद दी जाएगी। कांग्रेस का दावा है कि उसकी सरकार आने पर महिलाओं को सालभर के 18 हजार रुपये और सिलेंडर पर सालभर में 7200 रुपये की सब्सिडी देगी। इस तरह कांग्रेस महिलाओं को सालभर में 25 हजार रुपये की मदद देगी।

Explore our articles