spot_img

New Delhi : सीएपीएफ और एनडीआरएफ कर्मियों के भोजन में श्री अन्न होगा शामिल

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी बलों के साथ गहन चर्चा के बाद लिया निर्णय

नई दिल्ली : गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों के भोजन में मिलेट (श्री अन्न) को शामिल करने का निर्णय लिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आह्वान पर सभी बलों के साथ गहन चर्चा के बाद केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के भोजन में 30 प्रतिशत श्री अन्न शामिल करने का फैसला किया गया।

गृह मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। गृह मंत्रालय ने सभी बलों को श्री अन्न पर आधारित मेन्यू की शुरुआत करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है और बलों ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के विभिन्न अवसरों और समारोहों आदि में भी श्री अन्न का व्यापक उपयोग किया जाएगा।

श्री अन्न के उपयोग को बढ़ाने के लिए इसकी उपलब्धता केंद्रीय पुलिस कल्याण भंडार, बलों के परिसर की किराना दुकानों और राशन स्टोर में अलग काउंटर के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही बलों द्वारा मिलेट व्यंजन बनाने वाले प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से श्री अन्न आधारित व्यंजन तैयार करने के लिए रसोइयों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा।

श्री अन्न के उपयोग के लिए बलों के कर्मियों और उनके परिवार के बीच जागरुकता पैदा करने के लिए आहार विशेषज्ञों और विशेषज्ञ एजेंसियों की सेवाओं का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, ‘अपने श्री अन्न को जानें’ विषय पर जागरुकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम, प्रदर्शनियां, सेमिनार, वेबिनार, कार्यशालाएं और संगोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष- 2023 श्री अन्न के वैश्विक उत्पादन, कुशल प्रसंस्करण और फसलों के रोटेशन एवं बेहतर उपयोग को बढ़ाने के साथ-साथ मानव खाद्य के एक प्रमुख घटक के रूप में बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करेगा।

Explore our articles