
अस्ताना: (Astana) भारत ने एशियाई सीनियर कुश्ती चैंपियनशिप (Greco-Roman event) के पहले दिन रविवार को एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। रूपिन ने 55 किग्रा वर्ग में रजत जबकि नीरज (63 किग्रा, कांस्य) और सुनील कुमार (87 किग्रा, कांस्य) ने कांस्य पदक हासिल किए।
रूपिन का सामना 55 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक मुकाबले में ईरानी पहलवान डैड मर्ज़ से था। ज़गरेब ओपन चैंपियन मर्ज़ ने यह मुकाबला 3-1 से जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, रूपिन को रजत से संतोष करना पड़ा। रूपिन ने इससे पहले शीर्ष वरीयता प्राप्त और 2022 के रजत पदक विजेता कजाकिस्तान के अमंगली बेकबोलातोव को क्वार्टर फाइनल में हराया था। सेमीफाइनल मुकाबले में रूपिन ने चीन के हैफेंग झांग को 3-1 से हराया था।
नीरज ने 63 किग्रा वर्ग में कोरिया के जिनसेब सोंग को 5-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। भारत के लिए दूसरा कांस्य सुनील कुमार ने जीता, जिन्होंने 87 किग्रा वर्ग में जापान के मासाटो सुमी को 4-1 से हराया।


