spot_img

Kolkata : छोटे चाय उत्पादकों ने भारत को उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाया: चाय बोर्ड

कोलकाता : चाय उद्योग की नियामकीय संस्था ‘भारतीय चाय बोर्ड’ ने कहा है कि छोटे चाय उत्पादकों (एसटीजी) के उभरने से देश चाय उत्पादन बढ़ाने और घरेलू मांग के साथ निर्यात की जरूरतों को पूरा करने के मामले में आत्मनिर्भर बन गया है।

चाय बोर्ड ने एक बयान में कहा कि एसटीजी ने स्थानीय आर्थिक स्थिति और लोगों की आजीविका में सुधार लाने में भी मदद की है।

भारत सालाना लगभग 140 करोड़ किलोग्राम चाय का उत्पादन करता है, जिसमें से एसटीजी का योगदान 50 प्रतिशत से भी अधिक है।

चाय बोर्ड ने कहा कि मूल्य के लिहाज से भारत से चाय का निर्यात करीब 80 करोड़ डॉलर का है। बोर्ड ने कहा कि इसने वर्ष 2022 में लगभग 22 करोड़ किलोग्राम की मात्रा के साथ 15 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि हासिल की।

देश अब चीन के बाद चाय का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक बन गया है। चीन, केन्या और श्रीलंका के बाद भारत चाय का चौथा सबसे बड़ा निर्यातक देश भी है। चाय उद्योग सबसे बड़े नियोक्ताओं में भी शामिल है। चाय बोर्ड के अनुसार, एजेंसी ने खेती के रकबे, उत्पादन, उत्पादकता और घरेलू खपत के संदर्भ में उद्योग के विकास में मदद की है।

चाय का उत्पादन देश के 15 राज्यों में फैला हुआ है जिनमें असम और पश्चिम बंगाल प्रमुख हैं।

Explore our articles