spot_img

Kochi: केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप के छह दिवसीय दौरे के तहत आज कोच्चि पहुंचेंगी राष्ट्रपति मुर्मू

Kochi

कोच्चि:(Kochi) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के अपने छह दिवसीय दौरे के तहत बृहस्पतिवार को कोच्चि पहुंचेंगी।

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर में कोच्चि पहुंचने के बाद मुर्मू देश के पहले स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत का दौरा करेंगी। इसके बाद वह भारतीय नौसेना के गनरी स्कूल आईएनएस द्रोणाचार्य को ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान करेंगी।

‘प्रेसिडेंट्स कलर’ सर्वोच्च सम्मानों में से एक है जो किसी भी सैन्य इकाई, सैन्य प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों और भारत के राज्य/ केंद्र शासित प्रदेश पुलिस बलों को दिया जा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार को मुर्मू कोल्लम में आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी के मठ जाएंगी। उसी दिन, वह तिरुवनंतपुरम में उनके सम्मान में आयोजित नागरिक स्वागत समारोह में हिस्सा लेंगी।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति कौडियार में आयोजित एक समारोह में डिजिटल यूनिवर्सिटी केरल (डीयूके) द्वारा मलयालम में अनुवादित ‘टेक्निकल बुक्स ऑफ डिप्लोमा एंड इंजीनियरिंग’ को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू 18 मार्च को तमिलनाडु के कन्याकुमारी रवाना होंगी और विवेकानंद स्मारक एवं तिरुवल्लुवर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।

उन्होंने बताया कि 18 मार्च की शाम को केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप की राजधानी कवरत्ती में उनके सम्मान में आयोजित एक समारोह में शामिल होंगी। अधिकारियों के मुताबिक, 19 मार्च को राष्ट्रपति कवरत्ती के स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी।

Explore our articles