spot_img

Mumbai: जहां भी हो लौट आओ

मुंबई:(Mumbai) कभी-कभी बच्चे दबाव में ऐसा कदम उठा देते हैं की माता- पिता को बहुत परेशानी हो जाती है। एक इसी तरह का मामला सामने आया है। यू पी के मिर्जापुर के रहने वाले एक 18 वर्षीय लड़के मानस मिश्रा ने भी बिना सोचे समझे ऐसा कदम उठाया है, जिससे मानस के माता-पिता, सभी रिश्तेदार और चाहने वाले परेशान हो गए हैं। 14 फरवरी को मानस बिना किसी को बताए अपने NIT जमशेदपुर कॉलेज के हॉस्टल से कहीं चला गया है। अभी तक उसका कुछ पता नहीं चला है। 17 फरवरी को उसका मोबाइल बिना सिम के एक कचरे वाले के पास से मिला।

पूछताछ में कचरे वाले ने बताया कि उसे बिलासपुर स्टेशन के पास एक कचरे में यह मोबाइल मिला था। बता दें कि जाने से पहले मानस ने अपने पिता को एक लंबा पत्र लिखा है। पत्र में मानस ने लिखा है कि पढ़ाई के दबाव के कारण वह परेशान था और उसके कारण उसका एक्जाम में नंबर भी कम आया है। इस बारे में पिता को बताना चाहता था, पर संकोचवश कुछ कह नहीं पाया, इसलिए वह पढ़ाई नहीं करना चाहता। मानस ने लिखा है कि वह कोई भी गलत कदम नहीं उठाएगा। उसका मन सांसारिक चीजों में नहीं लग रहा है, इसलिए वह भगवान की भक्ति में डूबने के लिए संन्यासी बनने जा रहा है और जल्दी ही माता पिता से मिलने आएगा।

इस घटना के बाद मानस के माता -पिता ने जमशेदपुर जाकर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है, पर अभी तक कुछ खास पता चला नहीं है। मानस के पिता दिनेश मिश्रा ने यह अपील की है कि वह जहां कहीं भी हो लौट के वापस आ जाए। पढ़ाई का कोई बंधन नहीं है, अगर पढ़ाई नहीं करनी है तो मत करे। हमारे साथ घर पर रहे और जो इच्छा करे वह कर सकता है। हम पढ़ाई या किसी भी बात के लिए उस पर दबाव नहीं डालेंगे। उन्होंने कहा है कि अगर मानस के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो हमें फोन क्रमांक 9205268652, 9817533478, 9322305568 पर संपर्क करें। जानकारी देने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा।

Explore our articles