spot_img

MUMBAI : मुंबई की इमारत में आग लगने से बुजुर्ग महिला की मौत, आठ अन्य की दम घुटने से तबियत खराब

मुंबई: (MUMBAI) मुंबई के कुर्ला इलाके में एक 13 मंजिला आवासीय इमारत में बुधवार को आग लगने से एक 70 वर्षीय महिला की मौत और आठ अन्य लोगों की दम घुटने से तबियत खराब हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि कोहिनूर सिटी के प्रीमियर कंपाउंड में स्थित इमारत में सुबह करीब सात बजे आग लग गई, जिसके बाद परिसर में धुआं भर जाने के कारण कुछ लोग विभिन्न मंजिलों पर फंस गए। सभी लोगों को इमारत की छत पर ले जाया गया और एक सीढ़ी की मदद से बचाया गया।
उन्होंने बताया कि आग चौथी और 10वीं मंजिल के बीच लगी।अधिकारी ने बताया कि दम घुटने से पीड़ित नौ लोगों को पास के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से एक शकुंतला रमानी नाम की महिला को मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि आठ अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत स्थिर है।उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस को इमारत में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की चार गाड़ियों के साथ कई अन्य वाहन मौके पर पहुंचे।अधिकारी ने बताया कि आग पर सुबह 8.45 बजे काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

Explore our articles