पणजी: (PANAJI) राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने रविवार को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किये जाने पर केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि देश में जहां भी मौका मिलता है, उन्हें वहां काम करके खुशी होती है।गैर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर गोवा के रहने वाले आर्लेकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि सरकार किस पार्टी की है।केंद्र सरकार ने छह नए चेहरों को रविवार को राज्यपाल नियुक्त किया तथा सात राज्यों में राज्यपाल पदों में फेरबदल किया।हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आर्लेकर (68) को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
वह पहले गोवा से भाजपा विधायक थे और राज्य विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं। उन्हें जुलाई, 2021 में हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।गैर-भाजपा शासित राज्य बिहार का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर उनकी प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘सरकार तो सरकार होती है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह किस पार्टी की है।’’बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यूनाइटेड)-राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत अन्य दलों का महागठबंधन सत्ता में है।
उन्होंने कहा कि केंद्र ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें बिहार जैसे बड़े राज्य की जिम्मेदारी देना उचित समझा होगा।आर्लेकर ने कहा कि उन्हें जहां भी मौका मिलता है, वह देश के लिए काम करके खुश होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह बड़ी जिम्मेदारी देने के लिए मैं केंद्र सरकार को धन्यवाद देता हूं।’’उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने मेरे पिछले अनुभव को देखते हुए मुझे एक बड़े राज्य की जिम्मेदारी दी होगी।’’


