नयी दिल्ली: (New Delhi) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि मेघालय में उनकी पार्टी द्वारा किये गये वादे ‘पांच सितारा’ राज्य की बुनियाद होंगे।कांग्रेस की मेघालय इकाई ने राज्य में सत्ता में आने पर हर परिवार में एक व्यक्ति के लिए नौकरी, सभी के लिए मुफ्त स्वास्थ्य देखभाल सुविधा, सभी लड़कियों के लिए 12वीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा का वादा किया है।
राज्य में 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश द्वारा जारी घोषणा पत्र में कांग्रेस ने बीपीएल परिवारों को मुफ्त छत निर्माण सामग्री, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली और हर तिमाही में एक मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर देने का भी वादा किया है।ट्वीट में खरगे ने कहा, ‘‘प्यारे मेघालयवासियों, प्रदेश कांग्रेस ने आपके भविष्य के लिए पांच गंभीर वादे किये हैं। हमारा वादा ‘पांच सितारा’ मेघालय की बुनियाद होगा।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने मेघालय को ‘पांच सितारा’ राज्य बनाने के पार्टी के पांच वादों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘ महिलाओं का सशक्तीकरण, बिजली कटौती से मुक्त मेघालय, मादक पदार्थ मुक्त मेघालय, बेरोजगार मुक्त मेघालय और भ्रष्टाचार मुक्त मेघालय।’’मेघालय में 60 विधानसभा सीट के लिए 27 फरवरी को मतदान होगा और मतों की गिनती दो मार्च को होगी।


