
इंदौर : इंदौर के रेलवे स्टेशन परिसर में एक सिरफिरे आशिक द्वारा 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या किये जाने पर गुस्साए लोगों ने बृहस्पतिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष पहुंचकर विरोध जताया।
चश्मदीदों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके उसे फांसी की सजा दिए जाने की मांग की।
शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने के प्रभारी सुरेश हातेकर ने बताया कि राहुल यादव (23) ने रेलवे स्टेशन परिसर में एक युवती पर बुधवार देर शाम कथित रूप से इसलिए देशी कट्टा तान दिया क्योंकि उसने उससे शादी से इनकार कर दिया था।
उन्होंने बताया कि शहर के एक कॉल सेंटर में काम करने वाली युवती के साथ मौजूद उसके सहकर्मी संस्कार वर्मा (20) ने जब बीच-बचाव किया, तो आग-बबूला यादव ने पिस्तौल का घोड़ा दबा दिया और इससे चली गोली वर्मा के सिर में लगी।
हातेकर ने बताया कि बुरी तरह घायल वर्मा ने एक अस्पताल में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद यादव अपने परिवार समेत फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।


