दो दर्जन से अधिक मातमी अंजुमनों सहित बड़ी संख्या में अंतिम यात्रा में शामिल हुए ओलमाएकराम
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) दरियाबाद की अंजुमन हाशिमया के नौहाख्वान सफदर अब्बास डेज़ी का मंगलवार को भोर में निधन हो गया। वह लीवर और किडनी रोग से ग्रसित थे। लखनऊ के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके चाहनों वालों का जमावड़ा उनके आवास पर लग गया। देर रात उनका जनाजा उठाया गया, इसमें हजारों का हुजूम उमड़ पड़ा। दरगाह हज़रत अब्बास में नमाज़े जनाजा पढ़ाई गई। हज़रत अब्बास के अलम के साए में उनका जनाजा उठाया गया।
अंजुमन के प्रवक्ता सैय्यद मोहम्मद अस्करी ने बताया कि सफदर अब्बास की खुशमिजाजी और उनके नौहे पढ़ने के अंदाज़ के हज़ारों लोग कायल थे। दरियाबाद के क़ब्रिस्तान में मौला हुसैन की दरगाह के सामने उन्हें सुपुर्द-ए-लहद किया गया। अंजुमन हाशिमया के नायब नौहाख्वान यासिर सिबतैन ने बताया की मरहूम सफदर अब्बास डेज़ी के तीजे की मजलिस 12 जनवरी को प्रातः नौ बजे इमामबाड़ा हुसैन अली खान दरियाबाद में होगी। मजलिस से पहले क़ुरआन ख्वानी होगी।
अंजुमन हाशिमया, अंजुमन हुसैनिया क़दीम, अंजुमन मोहाफिज़े अज़ा कंदीम, अंजुमन नक़विया, अंजुमन हैदरी, अंजुमन असग़रिया, अंजुमन अब्बासिया, अंजुमन हैदरिया, अंजुमन अब्बासिया, अंजुमन आबिदिया, अंजुमन मज़लूमिया, अंजुमन शब्बीरिया, अंजुमन गुंचा-ए-क़ासिमिया सहित शहर भर के ओलमा, ज़ाकिरों व सोज़ख्वानों ने अंतिमयात्रा में शामिल होकर अंतिम विदाई दी और बारगाहे इलाही से मग़फिरत की दुआ की।


