
सभी डीडीओ को एनपीएस के संबंध में केंद्रीय अभिलेखपाल अभिकरण द्वारा दिया गया प्रशिक्षण
डीडीओ पोर्टल पर राज्य कर्मचारियों की मास्टर फाइल के रखरखाव का कड़ाई से किया जाए पालन
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही:(Bhadohi) जिलाधिकारी गौरांग राठी (District Magistrate Gaurang Rathi) के मार्गदर्शन में बुधवार को कोषागार भदोही के सभी 64 आहरण-वितरण अधिकारियों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। केंद्रीय अभिलेखपाल अभिकरण (सीआरए) द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम (न्यायिक) शिवनारायण सिंह की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में आहरण-वितरण अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से विधिवत अवगत कराया गया।
मुख्य कोषाधिकारी धर्मेंद्रपति त्रिपाठी ने बताया कि एनएसडीएल द्वारा प्रशिक्षण में सभी आहरण वितरण अधिकारियों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के विभिन्न आयामों व घटकों पर प्रकाश डालते हुए उनकी जिज्ञासा, समस्या, सुझाव को समाहित किया गया।
एनएसडीएल प्रशिक्षक राकेश चौहान ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के क्रियात्मक पक्षों पर गहनता से जानकारी दी। डीडीओ पोर्टल पर राज्य कर्मचारियों के एम्प्लाई बेनिफिशियरी मास्टर फाइल के रखरखाव, सभी प्रकार के भुगतान यथा वेतन, जीपीएफ से अग्रिम, अन्य विभिन्न अग्रिम आदि के आहरण और संबंधित कार्मिक के भुगतान की कार्यवाही की पूरी प्रक्रिया से अवतक राया गया। राकेश चौहान ने कहा, इसका पूरा दायित्व पूर्णतया आहरण वितरण अधिकारी का है कि भुगतान नियम संगत है र सही बैंक खाते में जा रहा है।
बताया, डीडीओ पोर्टल पर एम्प्लाई बेनिफिशियरी मास्टर फाइल का अपडेशन आहरण वितरण अधिकारी द्वारा किया जाएगा। किसी भी दशा में अपना लागिन आईडी पासवर्ड, डीएससी आदि अपने अधीनस्थ कर्मचारी को कदापि नहीं दिया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों की एम्प्लाई बेनिफिशियरी मास्टर फाइल में कर्मचारियों के बैंक खाता संबंधी विवरण (फील्ड) में संशोधन करने की अनुमति आहरण वितरण अधिकारी को नहीं होगी। राज्य सरकार के समस्त कार्मिकों केलिए आयकर स्थाई खाता संख्या प्राप्त किया जाना अनिवार्य होगा। इससे एनएसडीएल की पैन वेरिफिकेशन सर्विस के माध्यम से प्रत्येक कार्मिक का वेरिफिकेशन किया जा सकेगा।
मुख्य कोषाधिकारी धर्मेंद्रपति त्रिपाठी ने सभी आहरण वितरण अधिकारियों से आशा जताई कि उपरोक्त व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कराते हुए अनुपालन सुनिश्चित कराएं। प्रशिक्षण में जिला विकास अधिकारी मनोज राय, जिला अर्थ संख्याधिकारी संतोष कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित सभी आहरण वितरण अधिकारी उपस्थित रहे।


