
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) समीपवर्ती जनपद कौशांबी में बीती देर रात हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। यह हादसा महेवाघाट थाना क्षेत्र के शाहपुर एरिया में देर रात हुआ। हादसे की सूचना पर मुकामी पुलिस पहुंची और ट्रैक्टर के नीचे दबे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों में चीखपुकार मच गई। राहगीरों व स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और गहरी खाईं में गिरे लोगों को पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला था।
इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी कौशांबी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीती देर रात ईंट से लदा एक ट्रैक्टर शाहपुर से महेवाघाट की तरफ आ रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में चार लोग ट्रैक्टर के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल ले जाया गया। जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया है, उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
एसपी ने यह भी बताया कि उक्त हादसे की प्राथमिक छानबीन में यह पता चला कि ट्रैक्टर चालक ने शराब पी रखी थी और वह काफी लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर चला रहा था। इस वजह से यह दुर्घटना हुई है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर मिली है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी ट्रैक्टर चालक को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


