
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) जार्जटाउन थाना क्षेत्र में बाइक सवार उचक्कों ने असलहे के बट से हमला कर एलआईसी एजेंट से दो लाख रुपया छीन लिया। वारदात की जानकारी मिलते ही मुकामी पुलिस सक्रिय हो गई और घेराबंदी की, लेकिन सफलता हाथ नहीं आई। मामले में पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक सोहबतियाबाग के रहने वाले शैलेष जायसवाल एलआईसी में बतौर एजेंट कार्य करते हैं। सोमवार को वह फील्ड मेंथे। कलेक्शन के उपरांत देर रात घर लौट रहे थे। रास्ते में कुंदन गेस्ट हाउस के समीप बाइक सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर शैलेष जायसवाल का रास्ता रोका। शैलेष कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक सवार उचक्कों ने उनके ऊपर असलहे के बट से हमला बोल दिया और रुपये वाला बैग छीनकर भागने लगे। सिर पर गंभीर चोट लगने से शैलेष गंभीर रूप सेजख्मी हो गए। शैलेष के शोर पर जब राहगीर व आसपास के लोग जुटने लगे तो हमलावर बदमाश भाग निकले।
सूचना पर आई पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया और घटना की जानकारी घरवालों को दी। मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है।


