spot_img

Prayagraj : समय से फीस नहीं मिलने पर छात्र को परीक्षा से किया वंचित

Prayagraj: Student deprived of examination for not getting fees on time

आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj)
समय से फीस जमा नहीं कर पाने का खामियाजा एक छात्र को भुगतना पड़ रहा है। आरोपित है कि संस्थान ने उक्त छात्र को परीक्षा से वंचित कर दिया है। मामले की जानकारी होने पर पिता ने स्कूल के कार्यालय पहुंचकर बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इस पर छात्र अपने पिता के साथ स्कूल के सामने ही धरने पर बैठ गया है। यह मामला ब्वायज हाईस्कूल एंड कालेज का है।
जानकारी के मुताबिक इविवि के पूर्व छात्रनेता राजेंद्र सिंह पटेल का बेटा ब्रह्मतेज सिंह ब्वायज हाईस्कूल एंड कालेज में कक्षा पांच का छात्र है। इस समय विद्यालय में अर्धवार्षिक परीक्षा चल रहा है। आरोपित है कि ब्रह्मतेज परीक्षा देने स्कूल पहुंचा था, लेकिन फीस का हवाला देते हुए संस्थान ने ब्रह्मतेज को परीक्षा कक्ष से बाहर कर दिया। सूचना होने पर पिता राजेंद्र सिंह पटेल विद्यालय पहुंचे और विद्यालय के जिम्मेदारों से बातचीत की, लेकिन बात नहीं बनी।
पिता राजेंद्र सिंह पटेल का कहना है कि वह विलंब शुल्क के साथ फीस जमा करने के लिए तैयार हैं, बावजूद इसके संस्थान ने बेटे को परीक्षा देने से वंचित कर दिया, इससे बच्चे को गहरा मानसिक आघात लगा है। राजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यदि मामले में विद्यालय प्रबंधन के द्वारा कोई पहल नहीं की जाती तो मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी।

Explore our articles