
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) मोटरसाइकिल सवार उचक्कों ने साइकिल सवार एक युवक को उस समय गोली मार दी, जब वह मोबाइल छीने जाने का विरोध कर रहा था। सरेआम गोली मारने के बाद बदमाश भाग निकले। घायल ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस मामले कीछानबीन कर रही है।
यह घटना कीडगंज थाना क्षेत्र के तिकोनिया पार्क के आगे परेड ग्राउंड के समीप हुई। जानकारी के मुताबिक झूंसी थाना क्षेत्र के झूंसी निवासी शुभम यादव (19) पुत्र बांकेलाल यादव आज सुबह साइकिल से कहीं जा रहा था। इसी दौरान परेड ग्राउंड के आगे उसे बाइक सवार तीन युवकों ने रोका और शुभम से मोबाइल छीनने लगे। लेकिन शुभम ने जोरदार विरोध किया। इस पर उचक्कों ने शुभम को गोली मार दी। पैर में गोली लगने से शुभम जख्मी हो गया।
हालांकि इस घटना के बाद भी शुभम साइकिल चलाकर पुलिस के पास पहुंचा और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए एसआरएन पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। मंगलवार को पूर्वाह्न हुई इस घटना की सूचना पर मुकामी पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। कीडगंज पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरतापूर्वक जांच की जारही है। घटना कारित करने वाले उचक्कों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। इस घटना में शामिल उचक्कों को शीघ्र ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


