
पुरुषोत्तम कनौजिया
नवी मुंबई: (NAVI MUMBAI) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को उरन में महाराष्ट्र के कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। एनसीपी कार्यकर्ताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से आव्हान किया कि वो मंत्री अब्दुल सत्तार को पद से हटाकर दंडित करें । गौरतलब है कि महाराष्ट्र के कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले के खिलाफ विवादित बयान दिया था। उनके बयान पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं के साथ सभी विपक्षी दलों ने जोरदार विरोध दर्ज करवाया था । राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने उनसे तुरंत माफी मांगने को कहा था। विवाद बढ़ते देख मंत्री अब्दुल सत्तार ने अपने बयान पर दुख व्यक्त करते हुए कहा था कि यदि मेरे बयान से किसी को दुख पहुंचा है तो मैं अपने शब्द वापस लेता हूं । उसके बावजूद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी उनके ऊपर आक्रामक है और उन्हे तुरंत मंत्री पद से हटाने की मांग कर रही है।
राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक झलक उनके घर के बाहर जाकर दिखा दी
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव प्रशांत पाटिल ने कहा कि गिरगिट उतने रंग नहीं बदलता होगा जितने अब्दुल सत्तार ने दल बदले है। ऐसे लोगो को बोलने का तरीका आता नहीं है तो बिना मतलब के मुंह क्यों खोलते हैं। उन्होंने कहा कि अगर अब्दुल सत्तार ने इस्तीफा नहीं दिया तो हम उन्हे राज्य में कहीं घूमने नहीं देंगे। वो जहां भी जाएंगे वहां पर हम जाकर प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक झलक उनके घर के बाहर जाकर दिखा दी है और अगर इस्तीफा नहीं दिया तो हम उन्हे पूरी तस्वीर दिखाएंगे । वहीं महिला सचिव भावना घाणेकर ने कहा कि 50 खोखे लेकर इन लोगों के दिमाग खराब हो गए हैं। अगर ये लोग सही रास्ते पर नहीं आते तो हम इन्हे रास्ते पर लेकर आएंगे । राज्य में किसानों और नौजवानों के हजारों सवाल पड़े हैं उनपर कुछ न बोलकर ये लोग फालतू के बयान देकर लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।


