
प्रदेश स्तर की रैंकिंग में प्रथम स्थान मिलने पर एसपी ने दिया दस हजार का इनाम
मई व अगस्त में भी जनपदीय पुलिस का प्रदेश स्तर पर आईजीआरएस निस्तारण रहा अव्वल
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही: (Bhadohi) प्रदेश सरकार की आनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) सें प्राप्त शिकायतों को जनपदीय पुलिस द्वारा समयसीमा के भीतर निस्तारित किया जा रहा है। शिकायतों के निस्तारण में की जाने वाली रैंकिंग में भदोही पुलिस को पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। भदोही पुलिस ने मई और अगस्त माह में भी प्रथम स्थान हासिल किया था।
जनपद भदोही पुलिस के जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का मुख्यमंत्री कार्यालय से मूल्यांकन किया गया, जिसमें सभी 75 जनपदों में भदोही की कार्यवाही 100% रही व रैंक प्रथम रहा। एसपी डा. अनिल कुमार स्वयं जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को त्वरित व समयबद्ध निस्तारण की मानीटरिंग करते हैं। जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) से प्राप्त शिकायतों को पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल द्वारा संबंधित थानों पर आनलाइन प्रेषित की जाती है। समस्त थाना प्रभारियों द्वारा प्राप्त सन्दर्भों की जांच आख्या आनलाइन दिए गए समय सीमा के अंदर संबंधित को प्रेषित की जाती है और आवेदक पुलिस कार्यवाही से संतुष्ट है कि नहीं, इसका फीडबैक भी पुलिस कार्यालय के आईजीआरएस सेल में नियुक्त कर्मचारी द्वारा लिया जाता है, जिससे की गई जांच एवं पुलिस कार्यवाही की गुणवत्ता का पता चलता है।
माह अक्टूबर में प्राप्त कुल 686 शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया गया। जिनमें मुख्यमंत्री संदर्भ-49, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन संदर्भ-38, आनलाइन संदर्भ-65, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक संदर्भ-524, पीजी संदर्भ-10 का निस्तारण किया गया। आईजीआरएस सेल के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, कांस्टेबल रमेश विश्वकर्मा, सुशील जायसवाल, मनोज कुमार, सदानंद व जानकी सिंह द्वारा की गई मेहनत की सराहना करते हुए एसपी डा. अनिल कुमार ने 10 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।


