
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही: (Bhadohi) जनपद की पुलिस ने झपट्टा मारकर चेन, मोबाइल छीनने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लगभग 80 हजार कीमत की सोने की दो चेन बरामद हुई है। इसके अलावा आठ हजार रुपये नगद, दो तमंचा और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। दोनों ने चौरी, गोपीगंज और ऊंज थाना क्षेत्र में हुई तीन घटनाओं का खुलासा भी किया है। धरे गए लुटेरों के खिलाफ लूट, चोरी, छिनैती के आधा दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं। इस दौरान एसपी ने दो आरक्षियों को सस्पेंड भी किया है।
एसपी डा. अनिल कुमार ने बताया कि उक्त घटनाओं के निराकरण के संबंध में दिए गए निर्देश के क्रम में प्रभारी निरीक्षक दुर्गागंज के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने राहगीरों से चेन लूट करने वाले गिरोह के दो शातिर लुटेरों किशन पांडेय पुत्र नंदलाल पांडेय (निवासी याकूबपुर, भदोही) और नीरज तिवारी पुत्र श्रीदत्त तिवारी उर्फ महाजन (निवासी भानापुर, गोपीगंज) को दुर्गागंज-सुरियावां मार्ग पर ग्राम टेमा ब्रेकर के पास से गिरफ्तार किया गया है।
इनके कब्जे से थाना चौरी, ऊंज व गोपीगंज में हुई लूट की घटनाओं से संबंधित दो अदद पीली धातु चेन, लूटे हुए जेवरात बिक्री के ₹8,000, दो तमंचा और घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की गई है।
एसपी ने बताया कि धरा गया नीरज तिवारी थाना गोपीगंज का हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त है। नीरज तिवारी के खिलाफ गोपीगंज, कोइरौना, ज्ञानपुर, भदोही में आठ मामले पंजीकृत हैं। जबकि किशन पांडेय के खिलाफ कोइरौना, गोपीगंज, ज्ञानपुर, भदोही थाने में सात मामले दर्ज हैं।


