
1 लाख 80 हजार रुपए का माल चोरी कर फरार हुए चोर
पुरुषोत्तम कनौजिया
नवी मुंबई : नवी मुंबई के कोपरखैरने में रहनेवाली महिला को मायके जाने की कीमत प्रति दिन हजारों रुपयों में चुकानी पड़ी । महिला जब मायके गई हुई थी उस वक्त कुछ चोर उसके घर सेंधमारी कर घर में रखे गहने चुरा ले गए। जब महिला ने पड़ोसन को फोनकर घर के बारे में पूछताछ की, तो पता चला कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा आधा खुला हुआ है। घर आकर जब उसने छानबीन की, तो पता चला कि चोर उसके घर से करीब 1 लाख 80 हजार रुपए का माल चोरी कर फरार हो गए हैं । जिसके बाद महिला ने कोपरखैरने पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया। अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है,लेकिन अब तक किसी के बारे में कोई सूचना नहीं मिल पाई है। पीड़िता ने बताया कि वह 3 नवंबर को अपने मायके गई थी। कुछ दिन रहने के बाद उसने अपनी पड़ोसन को फोनकर घर के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि आपके दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा भी आधा खुला हुआ है। इसलिए मुझे लगता है कि आपके घर में चोरी हुई है। पीड़ित महिला तुरंत अपने भाई के साथ घर आई जहां उसने घर के अंदर जाकर देखा, तो वहां सबकुछ अस्तव्यस्त पड़ा था। महिला ने तुरंत अपना कपाट खोला, तो देखा कि उसमे रखे सोने के गहने गायब है। जिसमें 50 हजार रुपए की सोने की चेन जिसमें लॉकेट लगा हुआ था, 45 हजार रुपए के सोने के टप्स, 35 हजार रुपए का स्वर्ण मंगलसूत्र, 10 हजार रुपए की सोने की अंगूठी और करीब 40 हजार रुपए के बच्चों के गहने गायब थे । इस तरह उसके घर से करीब 1 लाख 80 हजार रुपए का माल चोरी हुआ है । पूरी तरह से आश्वस्त होने के बाद महिला ने कोपरखैरने पुलिस स्टेशन जाकर घर में चोरी का मामला दर्ज करवाया।


