
ट्रिब्यूनल कोर्ट के आदेश की अवहेलना कर बना 6 मंजिला भवन
भिवंडी : भिवंडी दीवान शाह दरगाह की जमीनों पर अवैध कब्जा और निर्माण कार्य थमने का नाम नहीं ले रहा है । इस भूमि पर वक्फ बोर्ड रिसीवर व मनपा की मिलीभगत से न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर अवैध निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिसके खिलाफ वीर अब्दुल हमीद संघटना ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी है ।
बता दें कि भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका के सर्वे नंबर 14, जोकि हजरत दीवान शाह दरगाह ट्रस्ट की स्वामित्व वाले मकान नंबर 434 पर अवैध निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके खिलाफ वक्फ ट्रिब्यूनल में मुकदमा क्रमांक 196/2021 दायर किया गया था, जीस पर कोर्ट ने 5 फरवरी 2022 को आदेश जारी कर स्टेय लगाया था, लेकिन इस वक्त तक निर्माण कार्य में पहली मंजिल का स्लीप डाला जा चुका था। इसके बाद वक्फ बोर्ड ने 7 फरवरी 2022 को वक्फ रिसीवर नियुक्त कर दिया। फिर आश्चर्यजनक रूप से रिसीवर के बैठने के बाद वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करते हुए उपरोक्त निर्माण कार्य में तेजी आ गई। 21 मार्च 2022 को प्रभाग नंबर 4 के प्रभाग अधिकारी शमीम अंसारी ने मकान मालिक मसूद अहमद अब्दुल अजीज फकीहा (चुनी वाला) और बिल्डर मुहम्मद अतहर रिजवान शेख को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। लेकिन फिर भी निर्माण कार्य जारी रहा जिसके खिलाफ 30 मार्च 2022 को तत्कालीन प्रभाग अधिकारी शमीम अंसारी द्वारा भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में मसूद अहमद अब्दुल अजीज फकीहा (चुनी वाला) और मुहम्मद अतहर रिजवान शेख के खिलाफ एमआरटीपी के तहत मामला दर्ज कराया गया। तब इस इमारत पर तीसरी मंजिल का स्लैब लगाया जा रहा था। लेकिन फिर भी अवैध निर्माण कार्य नहीं रुका गया, जिसके बाद प्रभाग अधिकारी व बीट निरीक्षक महेंद्र जाधव ने भूमि मालिक और बिल्डर को सिलसिलेवार नोटिस जारी कर निर्माण कार्य को रोकने का निर्देश दिया, लेकिन तब तक पांच मंजिला का स्लैब डाला जा चुका था। जिसके खिलाफ महेंद्र जाधव की शिकायत पर भोईवाड़ा पुलिस ने भूमि मालिक और बिल्डर के खिलाफ धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है, फिर भी मकान मालिक और बिल्डर ने सभी कानूनी आदेशों की अवहेलना करते हुए अवैध निर्माण कार्य जारी रखा है और ये अब 6 मंजिला इमारत बन कर खड़ी हो गई है। यह मनपा की मिलीभगत और भ्रष्टाचार को दर्शा रही है। शहर में चर्चा का विषय बने इस मामले को लेकर वीर अब्दुल हमीद संघटना जल्दी ही उच्च न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाने वाली है ।


