spot_img

THANE : ठाणे पुलिस की नई पहल, चार मिनट में घटनास्थल पर पहुंचेगी पुलिस

ठाणे : ठाणे शहर में किसी भी तरह का अपराध होता है या किसी भी तरह की परेशानियां आती है, तो अब पुलिस को डायल करने पर पुलिस 4 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंच जाएगी, इसके लिए अब नागरिकों को डायल क्रमांक 100 की जगह अब डायल क्रमांक 112 पर मैसेज देना होगा। जिन्हें भी पुलिसिया मदद चाहिए वह तत्काल 112 क्रमांक पर डायल करें । यह अभिनव योजना ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय में शुरू की गई है। ठाणे पुलिस आयुक्त जयजीत सिंह का मानना है कि इस योजना के अमल में आने से पीड़ितों को बहुत हद तक राहत मिलेगी। इसके साथ ही अपराधियों को भी डर बना रहेगा कि पुलिस उसे अपने लपेटे में ले सकती है। इस अभिनव योजना से ठाणेकरों को निश्चित तौर पर लाभ मिलेगा।
जानकारी के अनुसार इस अभिनव योजना के तहत ठाणे पुलिस को 45 चार पहिया वाहन और 6 बाइक उपलब्ध कराए गए हैं। इतना ही नहीं इन वाहनों में एमडीटी और जीपीएस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से निश्चित तौर पर लाभ होगा। इस बात को पुलिस अधिकारी भी स्वीकार कर रहे हैं। डायल-112 प्रणाली को नियंत्रित करने के लिए नियंत्रण कक्ष में डिस्पॅचर यंत्रणा स्वतंत्र तौर पर स्थापित किया गया है। इसके लिए प्रशिक्षित पुलिस अधिकारी और अन्य तकनीकी क्षमतायुक्त मानव बलों को तैनात किया गया है। जैसे ही कोई भी व्यक्ति संकट के समय पुलिस को 112 क्रमांक पर डायल करेगा, तत्काल नियंत्रण कक्ष में यह मैसेज पहुंचेगा और 4 मिनट के अंदर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच जाएगी। वैसे भी वर्ष 2022 के मध्य में ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय संपूर्ण महाराष्ट्र में मदद पहुंचाने में नंबर वन पोजीशन पर रही थी। ठाणे पुलिस का कहना है कि 112 पर डायल करने के बाद प्रभावितों तक पुलिस टीम 4 मिनट 20 सेकंड में पहुंचेगी।
पुलिस जानकारी के अनुसार ठाणे के नागरिक रोज 250 से 300 कॉल मदद के लिए पुलिस को करते हैं। इस तरह यदि देखा जाए तो 1 महीने में ठाणे पुलिस के पास कुल 8175 शिकायतें आती हैं । वही पुलिस का प्रयास है कि किसी भी तरह की शिकायतें मिलने के बाद कम से कम समय में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचे । इस तरह का प्रयास ठाणे पुलिस द्वारा पूरी इमानदारी के साथ किया जा रहा है। यह सिर्फ घोषणाबाजी ही नहीं, इसके पहले भी ठाणे पुलिस ऐसा कीर्तिमान राज्य स्तर पर बना चुकी है।

Explore our articles