यमुनानगर:(Yamunanagar) हरियाणा के स्कूल शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कहा है कि योग से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। योग अपने जीवन की दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। कंवर पाल बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जगाधरी अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में योग साधकों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि योग को घर-घर तक पहुंचाने और लोकप्रिय बनाने में बाबा रामदेव का बहुत ही अधिक योगदान रहा है।उन्होंने कहा कि प्रतिदिन मात्र अनुलोम विलोम करने से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि योग शरीर के स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद है।
नियमित योगाभ्यास से छोटी से बड़ी कई बीमारियों से शरीर का बचाव किया जा सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी योगासनों के नियमित अभ्यास की सलाह देते हैं। उन्होने कहा कि अनुलोम विलोम का अभ्यास शरीर में कई तरह की बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद करता है। जिसका अभ्यास सभी उम्र के लोगों के लिए सुरक्षित है।
अनाज मंडी में जिला स्तरीय आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्कूलों के लगभग 1500 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री ने स्कूली बच्चों को प्रशंसा पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उपमण्डल स्तर पर रादौर, बिलासपुर, सढौरा, छछरौली, प्रतापनगर तथा सरस्वती नगर में भी मनाया गया।


