पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सलवाद प्रभावित गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बामियाबुरू, तिलयाबेड़ा जंगल में पुलिस जावनों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दोनों तरफ से दर्जनों राउंड गोलियां चली। इस मुठभेड़ को लेकर एसपी आशुतोष शेखर ने पुष्टि की है।
पुलिस के जवान गोईलकेरा के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बामियाबुरू, तिलयाबेड़ा जंगल की ओर अभियान पर निकले थे। इसी दौरान घने जंगलों के बीच से नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके साथ ही उन्होंने जवानों को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट भी कर दिया। नक्सलियों की तरफ से हुई अचानक फायरिंग और ब्लास्ट से जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से दर्जनों राउंड गोलियां दागी गयीं। पुलिस के जवानों को खुद पर भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का सहारा लेकर वहां से भाग निकले।
इस संबंध में पश्चिमी सिंहभूम एसपी आशुतोष शेखर से पूछे जाने पर उन्होंने मुठभेड़ की बात की पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
कोल्हान को नक्सलियों से मुक्त करने के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला में बड़े पैमाने पर नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 अक्टूबर से एक संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया गया है। गोईलकेरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मारादिरी, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, तिलयाबेड़ा बोयपाईससांग, कटम्बा, बायहातु, बोरोय के सीमावर्ती क्षेत्र के साथ साथ टोन्टो थाना क्षेत्र के ग्राम हुसिपी, राजाबासा, तुम्बाहाका, रेगड़ा, गोबुरू, लुईया के सीमावर्ती क्षेत्र में प्रारंभ किया गया है।



