Home latest Varanasi : वाराणसी में तीन चरणों में चलेगा ‘सघन मिशन इंद्रधनुष-5’ अभियान

Varanasi : वाराणसी में तीन चरणों में चलेगा ‘सघन मिशन इंद्रधनुष-5’ अभियान

0
258

छूटे हुए पांच वर्ष तक के बच्चों व गर्भवती का होगा टीकाकरण, पहला चरण 07 से 12 अगस्त

वाराणसी : जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम से छूटे हुए पांच वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए ‘सघन मिशन इंद्रधनुष-05’ अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा। इसमें पहला चरण 07 अगस्त से 12 अगस्त तक, दूसरा चरण 11 सितम्बर से 16 सितम्बर तक तथा तीसरा चरण 09 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान की सफलता के लिए शुक्रवार को जिला स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण (टीओटी) कार्यशाला का आयोजन ककरमत्ता स्थित एक होटल में किया गया।

कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी ने की। इसमें जनपद स्तरीय चिकित्सा अधिकारी एवं नगरीय व ग्रामीण स्तरीय सीएचसी पीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, एआरओ प्रतिरक्षण शामिल रहे। कार्यशाला में हेड काउंट सर्वे एवं माइक्रोप्लान के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा करने के साथ ही अभियान की रणनीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।

सीएमओ ने कहा कि जनपद में प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्र चलाया जा रहा है। किन्ही कारणों से कई बच्चे व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण छूट जाता है। इसी को लेकर सघन मिशन इंद्रधनुष-5.0 अभियान तीन चरणों में अगस्त, सितम्बर और अक्टूबर माह में चलाया जाएगा। इस अभियान में एकीकृत रूप से छूटे हुए बच्चों और गर्भवती को टीकाकरण से आच्छादित कर विशेष ज़ोर दिया जाएगा।

सीएमओ ने कहा कि अभियान में उच्च जोखिम, मलिन बस्तियों, दूर-दराज के क्षेत्रों में विशेष ज़ोर दिया जाए। आशा कार्यकर्ता के माध्यम घर-घर जाकर सर्वेक्षण (हेड काउंट सर्वे) कराया जाए। टीकाकरण से छूटे हुए पांच वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर ई-कवच पोर्टल पर अपलोड की जाए। दो से पांच साल तक के बच्चों को मीजिल्स-रूबेला की पहली-दूसरी डोज़ एवं ओपीवी व डीपीटी की बूस्टर डोज़ पर विशेष ज़ोर दिया जाए।