ठाणे : ठाणे शहर के साकेत कॉम्प्लेक्स के सामने साकेत से कलवा क्रीक ब्रिज जाने वाले रास्ते पर दो अपराधी देसी पिस्तौल और कारतूस लेकर आने वाले हैं। इसकी पक्की जानकारी पुलिस को मिली। मध्यवर्ती अपराध शोध कक्ष, अपराध शाखा ठाणे शहर की टीम के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शैलेश सालवी को इस बाबत जानकारी मिली। उन्होंने जान बिछाकर दोनों अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम रोहितकुमार दिवाणचंद्र पटेल और आरोपी निखील बाबुलाल पटेल बताया गया है। ये दोनों अपराधी दूसरे राज्यों से संबंध रखते हैं।आरोपी रोहितकुमार दिवाणचंद्र पटेल (20) और निखील बाबुलाल पटेल (19) दोनों उत्तरप्रदेश के हैं। पुलिस को शक है कि दोनों अपराधी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने या फिर देसी कट्टा और जीवित कारतूस बेचने वाले थे। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सालवी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद जब दोनों आरोपियों की जांच पड़ताल की गई, तो उसके पास से देसी कट्टा और जीवित कारतूस बरामद हुआ। आगे मामले की जांच पड़ताल हो रही है।


