दक्षिण दिनाजपुर : लापता दो साल की बच्ची का शव करीब 42 घंटे बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया है। बालुरघाट के विजयश्री इलाके की घटना है। आज बच्ची का शव घर के सामने तालाब से बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि खोजी कुत्तों से खोजबीन के बाद बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बालुरघाट जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को घर के सामने खेलते समय दो साल की बच्ची रहस्यमय ढंग से गायब हो गई थी। पूरी रात तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह सूचना पर बालुरघाट पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दूसरी तरफ बच्ची की परिवार ने बालुरघाट थाने में गुमशुदगी की डायरी भी दर्ज करायी। जिसके बाद आज सिविल डिफेंस की मदद से तालाब में खोजबीन भी शुरू किया। इस दौरान बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना पर जिला पुलिस अधीक्षक राहुल दे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहम्मद नसीम, बालुरघाट थाना प्रभारी शांतिनाथ पांजा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे।
परिवार का दावा है कि बच्ची की हत्या की गई है। जिस वजह से इलाके में तनाव के चलते पुलिस तैनात कर दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक राहुल दे ने बताया कि घटना के पीछे कोई और कारण है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। बालुरघाट थाना पुलिस घटना की जांच शुरू की है।


