Home crime news Sonbhadra : पुलिस की प्रताड़ना से क्षुब्ध युवक ने खाया जहर, उप...

Sonbhadra : पुलिस की प्रताड़ना से क्षुब्ध युवक ने खाया जहर, उप निरीक्षक लाइन हाजिर

0
120

सोनभद्र : ओबरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने पुलिस कर्मियों के प्रताड़ित किए जाने से क्षुब्ध होकर रविवार की देर रात विषाक्त पदार्थ खा कर खुदकुशी का प्रयास किया। उसे इलाज के लिए परिवार ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित ओबरा थाने के एक उप निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिए।

भलुआ टोला निवासी बादशाह खान उर्फ टीपू ने बताया कि ओबरा थाने में पूर्व में तैनात रहे दीवान कुलदीप मिश्रा के रिश्तेदार ओबरा निवासी रोहित मिश्रा के साथ वह रेलवे में ठेकेदारी करता था। उसी कार्य के लिए दोनों आपस में पैसों का लेनदेन करते थे। बादशाह खान उर्फ टीपू व रोहित मिश्रा में पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया।

बादशाह खान का आरोप है कि ओबरा थाने की पुलिस उसे बीते दो माह से परेशान कर रही थी। बीते शनिवार को उसके आवास पुलिस फ़ोर्स के साथ पहुंचे उप निरीक्षक राकेश मिश्रा उसे थाने उठा लाए और दो दिनों तक हिरासत में रखकर प्रताड़ित करते रहे। यह मामला दीवान कुलदीप मिश्रा के रिश्तेदार से जुड़ा होने के कारण ओबरा थाने की पुलिस अक्सर उसे प्रताड़ित करती रहती थी।

इस मामले में ओबरा थाने में तैनात एक दीवान की भूमिका भी संदिग्ध है। उसने बताया कि पैसा देने के बावजूद और पैसों की मांग करते हुए उसकी गाड़ी को जबरदस्ती ले लिया गया। इसके बाद रविवार की शाम उसे थाने से छोड़ा गया। बादशाह खान उर्फ टीपू घर पहुंचने के बाद पुलिस की प्रताड़ना से नाराज होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे पहले उसने देर रात को वीडियो बना कर वायरल कर दिया। उसकी हालत खराब होने पर परिवार के लोग तत्काल ओबरा स्थित परियोजना अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल भेज दिए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर लिए। चिकित्सकों के अथक प्रयास के बाद उसे बचा लिया गया। इसकी जानकारी होते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह सहित आला अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंच कर पीड़ित का हालचाल लिए। परिजनों के मुताबिक, हालत में सुधार होने पर सोमवार की सुबह पुलिस पीड़ित को जिला अस्पताल से लेकर सीधे ओबरा थाने पहुंची। इसके बाद लिखा पढ़ी कर उसे घर जाने दिया। पुलिस अफसरों ने उसी की गाड़ी भी वापस करा दी। इस मामले में ओबरा प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने उप निरीक्षक राकेश मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है।