रेवाड़ी: (Rewari) सीएम फ्लाइंग ने रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में मंगलवार को छापेमारी की। अस्तपाल में बड़ी संख्या में डाक्टर व स्टाफ गैर हाजिर मिला है। सीएम फ्लाइंग के डीएसपी राजेश चेची भी इस छापेमारी में शामिल रहे। सभी गैर हाजिर रहे कर्मचारियों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।शिकायत थी कि डॉक्टर और स्टाफ समय पर हॉस्पिटल नहीं आते है। सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की लेट लतीफी सुधर नहीं रही है। जिसकी वजह से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नागरिक अस्पताल में ओपीडी का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक है। सीएम फ्लाइंग को अस्पताल में डाक्टरों के ओपीडी में समय पर नहीं पहुंचे व स्टाफ के गायब रहने की शिकायतें मिल रही थी।
मंगलवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ओपीडी टाइम शुरू होने के कुछ समय बाद डीएसपी राजेश कुमार की अगुवाई में नागरिक अस्पताल में पहुंची। जहां पर ओपीडी, एंबुलेंस रूम और अस्पताल आने वाले कर्मचारी और डॉक्टर की हाजिरी रजिस्टर को चेक किया गया। नागरिक अस्पताल में जांच के दौरान सीएम फ्लाइंग को बड़ी संख्या में डाक्टर व स्टाफ नदारद मिला। सीएम फ्लाइंग ने हाजिरी रजिस्टर भी अपने कब्जे में ले लिए।
सीएम फ्लाइंग की अस्पताल में छापेमारी की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। छापेमारी के बाद स्टाफ के कर्मचारियों के आने का सिलसिला जारी रहा, लेकिन उन्हें गैर हाजिर ही माना गया है। सीएम फ्लाइंग की टीम गैर हाजिर मिले डाक्टर व स्टाफ के बारे में रिपोर्ट तैयार कर रही है। आगामी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट को चंडीगढ़ मुख्यालय भेजा जाएगा।


