रांची : (Ranchi) पहलगाम हमले के बाद भारत से पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की प्रकिया जारी है। इस कड़ी में पाकिस्तान से गर्मी की छुट्टी में भारत आए तीन नाबालिग बच्चों को रांची से दिल्ली भेज दिया गया है। तीनों नाबालिग अब पाकिस्तान कैसे जाएंगे इस पर दिल्ली में ही फैसला लिया जाएगा।
झारखंड पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि केंद्र सरकार के जरिये जारी गाइडलाइंस के अनुसार तीनों बच्चों को जल्द से जल्द रांची छोड़ने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद तीनों बच्चे अपने परिजनों के साथ दिल्ली चले गए हैं। वहां अब भारतीय दूतावास के साथ-साथ पाकिस्तानी दूतावास के जरिए तीनों बच्चों को पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि तीनों बच्चों की मां रांची के डोरंडा में रहती हैं। तीनों बच्चे गर्मी की छुट्टी में भारत आए हुए थे।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों की ओर से पर्यटकों की हत्या के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंध पर बेहद नकारात्मक असर पड़ा है। घटना के बाद भारत सरकार ने निर्देश जारी किया है कि भारत में निवास कर रहे हैं, पाकिस्तानी नागरिक तुरंत देश छोड़कर पाकिस्तान लौट जाएं। झारखंड में भी 10 पाकिस्तानी नागरिक फिलहाल झारखंड के अलग-अलग शहरों में निवास कर रहे हैं।
झारखंड की राजधानी रांची, जमशेदपुर और हजारीबाग में कुल 10 पाक नागरिक मौजूद हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 में से सात पाकिस्तानी नागरिकों को लॉन्ग टर्म वीजा मिला है , जबकि तीन पाकिस्तानी नागरिकों में तीन नाबालिग बच्चे थे, जिन्हें वापस भेजा जा रहा है।
विदेशी नागरिकों का मामला देखने वाले एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने के शर्त पर बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के जरिये यह निर्देश दिया गया है कि लॉन्ग टर्म वीजा वाले पाकिस्तानी नागरिकों को वापस पाकिस्तान फिलहाल नहीं भेजना है। इसके अलावा मेडिकल वीजा पर आए हुए पाकिस्तानी नागरिक भी फिलहाल भारत छोड़कर पाकिस्तान नहीं जाएंगे। झारखंड में 10 में जो सात पाकिस्तानी हैं वे भी लॉन्ग टर्म वीजा पर यहां निवास कर रहे हैं। ऐसे में उनकी वापसी फिलहाल नहीं होगी।