Ranchi : कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा और प्रधानमंत्री से पूछे नौ सवाल

0
189

रांची : कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह यादव ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के नौ साल पूरा होने पर भाजपा और प्रधानमंत्री से नौ सवाल पूछे हैं। वे शनिवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

ये हैं नौ सवाल

अर्थव्यवस्था- ऐसा क्यों है कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद देश में महंगाई और बेरोजगारी आसमान छू रही है? देश में अमीर और गरीब के बीच खाई क्यों बढ़ती जा रही है? गरीब और गरीब क्यों होते जा रहे हैं? सार्वजनिक संपत्तियों को मोदी ने अपने मित्रों को क्यों भेजा है? आर्थिक विषमता पिछले नौ वर्षों में क्यों बढ़ी है?

कृषि और किसान- नौ वर्षों में भी देश में किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई है? तीन काले कानून को रद्द करते समय किसान संगठनों के साथ हुए समझौते को लागू क्यों नहीं किया? किसानों को एमएसपी की गारंटी क्यों नहीं दी गई है?

भ्रष्टाचार एवं मित्रवाद- उद्योगपति अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए एलआईसी और एसबीआई में जमा जनता की खून पसीने की कमाई को दांव पर क्यों लगा दिया?

चीन और राष्ट्रीय सुरक्षा- ऐसा क्यों है कि चीन को लाल आंख दिखाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री ने उसे 2020 में क्लीन चिट दे दिया, जबकि आज भी चीन हमारी जमीन पर कब्जा किए बैठा है?

सामाजिक सद्भाव को नुकसान- ऐसा क्यों है कि चुनावी मुद्दों के लिए जानबूझकर बंटवारे की राजनीति को हवा क्यों दी जा रही है? भाजपा और भाजपा की सरकार, समाज में डर का माहौल क्यों बना है?

सामाजिक न्याय- ऐसा क्यों है कि महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं? प्रधानमंत्री जातिगत जनगणना की मांग को क्यों नजरअंदाज कर रहे हैं?

लोकतांत्रिक संस्थाएं- ऐसा क्यों है कि केंद्र सरकार के नौ साल में विपक्षी दलों के नेताओं के बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है? क्यों जनता द्वारा चुनी हुई विपक्षी दलों की सरकारें गिराई गयी? पिछले नौ वर्षों में संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर क्यों किया गया?

जनकल्याण की योजनाएं- ऐसा क्यों है कि बजट में कटौती करके मनरेगा जैसी जनकल्याण की योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है? गरीब, आदिवासी और जरूरतमंदों के सपनों क्यों कुचला जा रहा है?

कोरोना मिसमैनेजमेंट- ऐसा क्यों है कि कोरोना के कारण देश में 40 लाख लोगों की मौत के बाद उसके परिवार को मुआवजा देने से मना कर दिया गया? क्यों अचानक लॉक डाउन करके लाखों कामगार साथियों को घर जाने पर मजबूर किया गया और उन्हें उसी हालत पर छोड़ दिया गया?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राकेश ठाकुर और प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन सहित अन्य लोग मौजूद थे?