spot_img

Ramgarh: चुटूपालु घाटी में टेलर ने मचाया कोहराम, बाइक सवार युवक की मौत

रामगढ़:(Ramgarh) रांची पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में एक टेलर ने गुरुवार को कोहराम मचा दिया। अनियंत्रित ट्रेलर ने कई गाड़ियों को टक्कर मारी और घाटी में डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बुलेट बाइक पर सवार बादल करमाली की मौत हो गई। वह रामगढ़ जिले के वेस्ट बोकारो क्षेत्र का रहने वाला था। वह गुरुवार की सुबह रांची से अपने घर लौट रहा था।

इस हादसे में टेलर पर लदा सरिया फोरलेन पर दोनों ओरर बिखर गया। इस हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग -33 पर आवागमन पूरी तरीके से बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी रोहित कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि अनियंत्रित टेलर ने घाटी में एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक बुलेट, बाइक, एक टाटा 407 और एक टेलर को भी जोरदार टक्कर मारी। इसके अलावा डिवाइडर पर लगे बिजली के कई खंभों को भी अनियंत्रित टेलर ने उखाड़ दिया। इस हादसे में कार पर सवार तीन लोग घायल हो गए हैं ,जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सरिया लदा टेलर रांची की ओर से रामगढ़ की तरफ आ रहा था। घाटी में घुसते ही वह टेलर अनियंत्रित हो गया और प्रशासन द्वारा चिन्हित ब्लैक स्पॉट के पास ही पूरी वारदात हुई। पुलिस ने काफी मशक्कत कर सड़क पर बिखरे हुए सरिया को हटवाया और दुर्घटनाग्रस्त टेलर को भी सड़क के किनारे किया। इसके बाद राजमार्ग 33 पर आवागमन शुरू हुआ। इस दौरान लगभग पांच घंटे तक सड़क जाम रहा, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।

Explore our articles