जिले में 10 से 25 मई तक चलेगा मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का दूसरा चरण
रायसेन : सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन और जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में जिले में 10 मई से चलाए जाने वाले मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के द्वितीय चरण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, विधायकगण रामपाल सिंह व सुरेन्द्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
मंत्री डॉ भदौरिया ने कहा कि शासकीय विभागों द्वारा नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं तथा उनकी समस्याओं के शत-प्रतिशत निराकरण के लिए मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का दूसरा चरण 10 मई से प्रारंभ किया जा रहा है, जो कि 25 मई तक चलेगा। यह सरकार का महत्वपूर्ण अभियान है, इसके सफल और सुचारू क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग पूरी लगन और तत्परता से काम करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान का गॉवों तथा नगरों में विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया द्वारा लाड़ली बहना योजना अंतर्गत भरे गए आवेदन तथा आपत्तियां दर्ज कराने संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली गई। सिलवानी विधायक ने कहा कि जिन महिलाओं के आवेदन अपात्र घोषित किए जाएं, उन्हें कारण बताते हुए अपात्र घोषित करने की सूचना भी दी जाए।
प्रभारी मंत्री द्वारा ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत जिले में पेयजल की उपलब्धता की जानकारी लेने पर कलेक्टर ने बताया कि जिले में कहीं भी जल संकट की स्थिति नहीं है। पेयजल स्त्रोत नलकूप, हैण्डपम्प आदि के खराब होने की सूचना प्राप्त होते ही प्राथमिकता के साथ उन्हें ठीक कराया जा रहा है। इसके लिए विकासखण्डों में तीन-तीन अतिरिक्त दल गठित किए गए हैं। प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया को पुलिस अधीक्षक विकास शहवाल द्वारा जिले में कानून व्यवस्था से अवगत कराया गया।
प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया तथा स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा जिले में विभिन्न विभागों के स्वीकृत निर्माण कार्यो की जानकारी लेते हुए उन्हें जल्द से जल्द प्रारंभ किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं तथा मरीजों के उपचार संबंधी सुविधाओं की समीक्षा के दौरान मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तथा उनके उपचार की जानकारी लेते हुए त्वरित और समुचित उपचार संबंधी निर्देश सीएमएचओ को दिए। साथ ही स्वीकृत निर्माण कार्यो को जल्द से जल्द प्रारंभ किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया को अवगत कराते हुए कलेक्टर अरविंद दुबे ने बताया कि सम्पूर्ण जिले में अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु तैयारियां सुनिश्चित की गई है। जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों के लिए अपर कलेक्टर को तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जिला पंचायत सीईओ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी शासकीय कार्यालयों, जनपदों और निकायों में ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर शिविर आयोजन के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
नागरिकों को 15 विभागों की 67 सेवाओं का मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के द्वितीय चरण में नागरिकों को 15 विभागों की 67 सेवाओं का लाभ मिलेगा। राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग योजना, आर्थिक एवं ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, ऊर्जा विभाग, श्रम विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, म.प्र. राज्य कृषि विपणन बोर्ड, सहकारिता विभाग, तकनीकी शिक्षा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, उद्यानिकी विभाग तथा परिवहन विभाग की विभिन्न 67 सेवाओं का लाभ मिलेगा।


