रायगढ़: (Raigarh) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार के निर्देश पर जिले के सभी लंबित गंभीर प्रकरण जिनमें गिरफ्तारियां नहीं हुई है उनकी समीक्षा कर लगातार आरोपितों की पतासाजी हेतु अभियान जारी है । इसी क्रम में पुलिस चौकी खरसिया के 6 माह पुराने अमानत में खयानत मामले के फरार आरोपित अनेश कुमार खांडे को चौकी खरसिया की पुलिस ने बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है ।आरोपित को आज मंगलवार को जेएमएफसी खरसिया के न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया गया है ।आरोपित अनेश कुमार खांडे एस व्ही क्रेडिट लाईन लिमिटेड माइक्रो फाइनेंस कंपनी में फील्ड अफसर था।
पुलिस चौकी खरसिया में 10 नवंबर को कंपनी के ब्रांच मैनेजर संजय राठौर द्वारा आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि अनेश कुमार कंपनी में फील्ड ऑफिसर के पद पर करीब 2 साल से कार्यरत था । कार्य के दौरान मार्च 2022 में तथा उसके कुछ महीने पहले ग्राहकों द्वारा लोन की रकम ₹1,06,046 को कंपनी में जमा नहीं किया था । कंपनी द्वारा उक्त रकम को जमा करने कहने पर अनेश ने कुछ मोहलत मांगा और रकम जमा नहीं कर फरार हो गया।ब्रांच मैनेजर के आवेदन पर अनेश कुमार खांडे पर धारा 408 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
एसडीओपी खरसिया निमिषा पाण्डेय के निर्देशन पर आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी के लिए चौकी प्रभारी खरसिया उप निरीक्षक अमिताभ खांडेकर बिलासपुर को निर्देश दिया गया । चौकी प्रभारी द्वारा इलाके में मुखबिर तैनात कर रखा गया था। जिनसे मिली सूचना पर आरोपित को बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया गया । आरोपित अनेश कुमार खांडे पिता दिनेश खांडे,उम्र 24 साल निवासी घोंघाडीह थाना कोटा जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)को गबन के अपराध में गिरफ्तार कर जेएमएफसी खरसिया के न्यायालय पेश किया गया।जहां से अदालत के निर्देश पर आरोपित को जिला जेल दाखिल किया गया है ।


