आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) पूर्व राज्यपाल स्व. केशरीनाथ त्रिपाठी की तेरहवीं में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज प्रयागराज में थे। सिविल लाइंस के लोहिया मार्ग पर स्थित पूर्व राज्यपाल के आवास पर आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में रक्षामंत्री समेत तमाम नेताओं ने पहुंचकर राज्यपाल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
राजनाथ सिंह ने स्व. केशरीनाथ त्रिपाठी के घर पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करते नमन किया और बेटे नीरज त्रिपाठी, बहू कविता त्रिपाठी को ढांढस बंधाया। रक्षा मंत्री ने स्व. केशरीनाथ त्रिपाठी के साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए संस्मरण भी साझा किया। राजनाथ सिंह ने कहा, पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी की प्रतिभा से पूरा देश वाकिफ है। उनके निधन से अपूर्णनीय क्षति हुई है।
पूर्व राज्यपाल स्व. केशरीनाथ त्रिपाठी के त्रयोदशाह कार्यक्रम में शामिल होने वालों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा सूबे के डिप्टी सीएम केशव मौर्य, बृजेश पाठक समेत तमाम नेता शामिल हुए। केशवप्रसाद मौर्य ने भी केशरीनाथ त्रिपाठी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धासुमन अर्पित करने के उपरांत प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, जब मैं पहली दफा लखनऊ का मेयर बना तो मेरे नाम का प्रस्ताव उन्होंने ही रखा था। विधानसभा अध्यक्ष के कार्यकाल से लेकर राज्यपाल बनने तक के सफर में उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहा। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्व. केशरीनाथ त्रिपाठी के तेरहवीं कर्यक्रम में सूचना और लघु उद्योग मंत्री भानु प्रताप सिंह, फग्गन सिंह कुलस्ते, समाज कल्याण और अनुसूचित मंत्री संजीव गोंड, श्रम कल्याण मंत्री सुनील भराला के भी आगमन का कार्यक्रम है।