spot_img
HomelatestNew Delhi : तीसरा कार्यकाल अगले 100 वर्षों की नींव रखेगा: प्रधानमंत्री

New Delhi : तीसरा कार्यकाल अगले 100 वर्षों की नींव रखेगा: प्रधानमंत्री

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को फिर से सत्ता में वापसी पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उनका तीसरा कार्यकाल अगले 100 वर्षों की नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि हमारा तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसलों का होगा। वहीं उन्होंने निशाना साधा कि विपक्ष ने संकल्प लिया है कि वे लम्बे अरसे तक वहीं बने रहेंगे।

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए सदन के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हमने अपने पहले कार्यकाल में संप्रग के समय के गड्ढे भरने में काफी समय और शक्ति लगाई। अपने दूसरे कार्यकाल में नए भारत की नींव रखी और तीसरे कार्यकाल में हम विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का तीसरा कार्यकाल बहूत दूर नहीं है। पूरा देश कह रहा है कि अबकी बार 400 पार। 2024 के लोकसभा चुनाव में राजग को 400 पार सीटें मिलेंगी लेकिन भाजपा को 370 सीटें अवश्य मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार मंहगाई दर को दो युद्धों और कोरोना जैसी महामारी के बावजूद एक दायरे में सीमित रखने में कामयाब हुई है। पिछली सरकारों से तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में मंहगाई दो अंकों में हुआ करती थी और सत्ता में आते ही मंहगाई फिर बढ़ जाती थी। उन्होंने कहा कि मंहगाई डायन खाय जात है और मंहगाई मार गई जैसे गाने भी कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान ही आए हैं।

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि पार्टी ने कभी भी देश के सामर्थ्य पर विश्वास नहीं किया। उन्होंने कहा कि वे अपने आप को शासक मानते रहे और जनता-जनार्दन को कमतर आंकते गए। कांग्रेस की इस मानसिकता से देश को नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि आज देश में जिस गति से काम हो रहा है, उसकी कांग्रेस पार्टी कल्पना भी नहीं कर सकती।कांग्रेस को नौ दिन चले, ढाई कोस कहावत पूरी तरह से परिभाषित करती है। कांग्रेस की सुस्त रफ्तार का कोई मुकाबला नहीं है। उदाहरण देते हुए मोदी ने कहा कि हमने गरीबों के लिए 04 करोड़ घर और शहरी गरीबों के लिए 80 लाख पक्के घर बनाए। अगर हम कांग्रेस की गति से चलते तो उसी पैमाने का काम पूरा करने में 100 साल लग जाते। 10 वर्ष में 40 हजार किलोमीटर रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण हुआ है। अगर कांग्रेस की रफ्तार से देश चलता तो इस काम को करने में 80 साल लग जाते।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले एजेंसियों को काम करने नहीं दिया जाता था। कांग्रेस के समय ईडी ने 5 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी। हमारे कार्यकाल में ईडी ने एक लाख करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की। देश का लूटा हुआ माल देना ही पड़ेगा। पहले सदन का पूरा समय घोटालों की चर्चा में जाता था, भ्रष्टाचार की चर्चा में जाता था। लगातार एक्शन की मांग होती थी, चारों तरफ सिर्फ भ्रष्टाचार की ही खबरें होती थीं। आज जब भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होती है तो ये लोग उनके समर्थन में हंगामा करते हैं।

राष्ट्रपति के भाषण का जिक्र करते प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने भारत के उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए चार मजबूत स्तंभों पर हम सबका ध्यान केंद्रित किया है। उनका सही आंकलन है कि देश के चार स्तंभ जितने ज्यादा मजबूत होंगे, विकसित होंगे, समृद्ध होंगे। हमारा देश उतनी ही तेजी से समृद्ध होगा। उन्होंने देश की नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब भाई-बहन और देश के किसान की चर्चा की है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करेगी।

spot_imgspot_imgspot_img
इससे जुडी खबरें
spot_imgspot_imgspot_img

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर