नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ज्ञानवापी सर्वे मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ मस्जिद कमेटी की ओर से दाखिल याचिका पर कल यानि 4 अगस्त को सुनवाई करेगा। आज सुबह मस्जिद कमेटी की ओर से वकील निजाम पाशा ने एएसआई के सर्वे को फिलहाल रोकने की मांग सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के सामने रखी। उन्होंने कहा कि हमने तत्काल विचार के लिए ई-मेल भी भेजा है। तब चीफ जस्टिस ने कहा वह इस पर विचार करके आदेश देंगे।
उसके बाद देर शाम तक पक्षकार चीफ जस्टिस के दफ्तर के बाहर इंतजार करते रहे। बाद में इस मामले पर कल यानि 4 अगस्त को सुनवाई करने का आदेश दिया गया। इस मामले में निचली अदालत में मुख्य याचिकाकर्ता राखी सिंह ने आज ही सुप्रीम कोर्ट में केविएट याचिका दाखिल की है। केवियट याचिका में कहा गया है कि अगर मुस्लिम पक्ष हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देता है तो सुप्रीम बिना उनका पक्ष सुने कोई आदेश पारित ना करे।
बता दें कि आज ही इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ज्ञानवापी के सर्वे की अनुमति देने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के फैसले पर मुहर लगा दिया है। 24 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का सर्वे करने के ट्रायल कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दिया था। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच ने ज्ञानवापी मस्जिद कमेटी को 26 जुलाई तक ट्रायल कोर्ट के फैसले को चुनौती देने का आदेश दिया था । जिसके बाद मस्जिद कमेटी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी।


