spot_img
Home Business New Delhi : पीडीपी शिपिंग की स्टॉक मार्केट में कमजोर एंट्री, लिस्टिंग...

New Delhi : पीडीपी शिपिंग की स्टॉक मार्केट में कमजोर एंट्री, लिस्टिंग के बाद लगा लोअर सर्किट

0
212

नई दिल्ली : (New Delhi) लॉजिस्टिक्स सर्विसेज देने वाली कंपनी पीडीपी शिपिंग के शेयरों की मंगलवार को स्टॉक मार्केट में निराशाजनक एंट्री हुई। कंपनी के शेयर 19.81 प्रतिशत डिस्काउंट पर लिस्ट हुए। कमजोर लिस्टिंग के बाद दिन के कारोबार के दौरान बिकवाली के दबाव की वजह से इन शेयरों में और भी अधिक गिरावट आ गई। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 135 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 108.25 रुपये के स्तर पर हुई। लिस्टिंग के तुरंत बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह शेयर 102.85 रुपये के लोअर सर्किट के लेवल पर आ गया। इस तरह कंपनी के आईपीओ निवेशकों को पहले दिन ही 23.81 प्रतिशत के नुकसान का सामना करना पड़ा।

पीडीपी शिपिंग का 12.65 करोड़ रुपये का आईपीओ 10 से 12 मार्च के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 1.01 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 1.88 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 9.37 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरत को पूरा करने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों में करेगी।
कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को 1.91 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2022-23 में कम होकर 1.68 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। हालांकि, 2023-24 में स्थिति में बदलाव हुआ हुआ, जिससे कंपनी का शुद्ध लाभ उछल कर 2.31 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल से नवंबर 2024 के बीच कंपनी को 1.57 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है। इसी तरह इस अवधि में कंपनी 13.78 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल कर चुकी है।