
नई दिल्ली : (New Delhi) ई-कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) ने शुक्रवार को घोषणा की कि उसकी ब्यूटी और पर्सनल केयर कैटेगरी (beauty and personal care category) में साल-दर-साल 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस प्लेटफॉर्म पर अब ब्यूटी से जुड़ी कुल खरीदारी में से करीब 60 फीसदी खरीदारी जेन-जी कर रहे हैं।
ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस, फ्लिपकार्ट की ओर से नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘ग्लैम अप फेस्ट 2026’ (Glam Up Fest 2026) के चौथे एडिशन में यह जानकारियां सामने आईं, जिसमें 100 से ज्यादा बड़े ब्यूटी ब्रांड्स और 6 हजार से ज्यादा क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स और सेलिब्रिटीज़ शामिल हुए। इस इवेंट में फ्लिपकार्ट ने अपना ‘ग्लोबल लक्स ब्यूटी स्टोर’ भी लॉन्च किया, जिसका अनावरण जाह्नवी कपूर (Janhvi Kapoor) ने किया।
ग्लैम अप फेस्ट 2026′ में फ्लिपकार्ट ने ‘क्वांटम कंज्यूमर सॉल्यूशंस’ (Quantum Consumer Solutions) के साथ मिलकर तैयार की गई अपनी ‘एनुअल ब्यूटी ट्रेंड्स रिपोर्ट 2.0’ जारी की। यह रिपोर्ट भारतीय खरीदारों के ब्यूटी के प्रति बदलते नजरिए को दिखाती है। रिपोर्ट के मुताबिक अब प्लेटफॉर्म पर ब्यूटी से जुड़ी कुल खरीदारी में से लगभग 60 फीसदी खरीदारी जेन-जी कर रहे हैं। इस तेज़ी को बढ़ाने में टियर 2 और टियर 3 शहरों के खरीदारों की बड़ी भूमिका है।
इस रिपोर्ट के अनुसार, एक समय लोग सौदर्य को सिर्फ अपनी आकांक्षाओं वाली श्रेणी मानते थे, लेकिन आज इसे आत्म देखभाल और व्यक्तिगत पहचान की रोजाना जरूरत के रूप में देख रहे हैं। फ्लिपकार्ट पर ब्यूटी से जुड़ी हर तीन में से दो सर्च नॉन-मेट्रो शहरों से आती हैं। कटक, बर्धमान, गोरखपुर, कोट्टायम, गुंटूर, जामनगर और सांगली जैसे कई शहर देश में ब्यूटी ट्रेंड्स और खरीदारी के फैसलों को तेज़ी से आकार दे रहे हैं। ई-कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी फ्लिपकार्ट की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के सौंदर्य एवं व्यक्तिगत देखभाल (beauty and personal care) (BPC) उत्पाद बाजार के वर्ष 2030 तक 39 अरब यूएस डॉलर पर पहुंचने का अनुमान है।
ग्लैम अप फेस्ट 2026: हर पल के लिए ब्यूटी
ग्लैम अप फेस्ट 2026′ इवेंट में फ्लिपकार्ट ने अपना ‘ग्लोबल लक्स ब्यूटी स्टोर’ (Global Luxe Beauty Store) भी लॉन्च किया, जिसका अनावरण जाह्नवी कपूर ने किया। इससे भारतीय खरीदारों को डर्मा केयर, खुशबू (fragrances) और के-ब्यूटी जैसे इंटरनेशनल ब्यूटी प्रोडक्ट्स तक पहुंच मिली। इस स्टोर में 100 से ज्यादा ब्रांड्स शामिल हैं, जिनमें केल्विन क्लाइन, गुच्ची, नॉटिका, यूसेरिन, मेडिक्यूब, डी’अल्बा, सेटाफिल, सेरावे, ब्यूटी ऑफ जोसोन और टिर टिर जैसे ब्रांड्स शामिल हैं।





